
उदित वाणी, धनबाद : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी से विधायक जयराम महतो मंगलवार को धनबाद की एमपी-एमएलए विशेष अदालत में उपस्थित हुए. वे विशेष न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में बोकारो जिले के सियालजोड़ी थाना में दर्ज एक मामले की सुनवाई के लिए पहुंचे थे.
वेदांता स्टील प्लांट आंदोलन से जुड़ा है मामला
यह मामला 27 नवंबर 2023 को वेदांता स्टील प्लांट में रोजगार की मांग को लेकर हुए आंदोलन से संबंधित है. अदालत परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम महतो ने कहा कि वे पूरी तरह निर्दोष हैं और घटना के दिन घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने बताया कि आंदोलन स्थल पर लगे पोस्टर में उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है, जो पूरी तरह गलत है.
मुख्यमंत्री के बयान पर साधा निशाना
इस दौरान जयराम महतो ने राज्य की सियासत पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हालिया विधानसभा बयान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख को सभी समुदायों को साथ लेकर चलना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में दिया गया बयान तथ्यों पर आधारित नहीं था और वह ‘व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी’ से प्रभावित लगता है. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या वर्ग की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए.
बंगाल चुनाव को लेकर किया ऐलान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर जयराम महतो ने कहा कि उनकी पार्टी जंगलमहल क्षेत्र में चुनाव लड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि यह इलाका सांस्कृतिक रूप से झारखंड से जुड़ा हुआ है और JLKM यहां 5 से 10 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है.
असम चुनाव पर फिलहाल नहीं कोई योजना
असम विधानसभा चुनाव में भागीदारी को लेकर उन्होंने फिलहाल कोई योजना होने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि असम भौगोलिक रूप से दूर है और पर्याप्त संसाधनों, जैसे हेलिकॉप्टर की उपलब्धता होने पर ही इस दिशा में विचार किया जाएगा.

