
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला में 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय और भव्यता से मनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस पीयूष पांडेय ने जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य समारोह का आयोजन 15 अगस्त को प्रातः 09:05 बजे गोपाल मैदान, जमशेदपुर में ध्वजारोहण के साथ प्रारंभ होगा। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के साथ-साथ 14 अगस्त को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और प्रेस के प्रतिनिधियों के बीच एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट पदाधिकारियों, कर्मियों और टॉपर छात्र-छात्राओं को प्रशंसा पत्र दिए जाने का निर्णय लिया गया है।
उपायुक्त ने धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को उनके आवास पर शॉल और मिष्ठान्न प्रदान कर सम्मानित किया जाए। इसके अलावा, वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से प्रारंभ होकर 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ संपन्न होगा। परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला/पुरुष), जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी (महिला/पुरुष), स्काउट और गाइड, और सीआरपीएफ की टुकड़ी को शामिल किया जाएगा।
मुख्य समारोह स्थल की तैयारी की जिम्मेदारी उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को दी गई है, जो एनडीसी और जुस्को के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई और रख-रखाव की जिम्मेदारी दी गई है। सुगम यातायात व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की तैनाती के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
15 अगस्त को जिला में ड्राई डे घोषित किया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीओ धालभूम गौतम कुमार, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मृत्युंजय धावड़िया समेत अन्य विभागीय पदाधिकारी और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

