
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के उन्नयन के लिए राज्य सरकार की उच्चस्तरीय समिति की बैठक शुक्रवार को कॉलेज प्रांगण में हुई.
बैठक में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी रांची के कुलपति डॉ. केशव राव वराकुल्ला, कोल्हान यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. प्रोफेसर गंगाधर पंडा, झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाईस चेयरमैन और कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य राजेश कुमार शुक्ल, को-ऑपरेटिव महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव विधि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीतेन्द्र कुमार शामिल हुए.
बैठक में लॉ कॉलेज को मानकों के आधार पर विकसित करने की योजनाओं पर चर्चा की गई. साथ ही इसे को-ऑपरेटिव कॉलेज से अलग लॉ कॉलेज की यूनिट का दर्जा दिए जाने को लेकर भी विचार किया गया.
गौरतलब हो कि कोल्हान के इस एकमात्र लॉ कॉलेज को अलग लॉ कॉलेज के रूप में दर्जा हासिल नहीं है, इस कारण इसे यूजीसी से अलग से फंड उपलब्ध नहीं हो पाता है. इसके साथ ही इस लॉ कॉलेज में मूट कोर्ट समेत अन्य कई संसाधनों की कमी है.
इसपर भी विचार कर कमेटी ने आग्रेतर कार्रवाई की योजना बनाई. बैठक के क्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीतेन्द्र कुमार ने राजेश कुमार शुक्ल सहित समिति के सदस्यों को सम्मानित किया.

