
उदित वाणी, गुवाहाटी : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज असम के गुवाहाटी स्थित सुप्रसिद्ध मां कामाख्या मंदिर में मत्था टेका। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और समस्त झारखंड वासियों के मंगल की कामना की।
सुख, समृद्धि और शांति की कामना
मां कामाख्या के दरबार में पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की जनता के लिए सुख, समृद्धि, शांति और उन्नति की प्रार्थना की। उन्होंने माता रानी से झारखंड के उज्जवल भविष्य और हर नागरिक की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई पूजा
इस अवसर पर मंदिर के पुजारियों ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री की पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने पूरी श्रद्धा के साथ माता रानी के चरणों में शीश झुकाकर नमन किया और झारखंड के सर्वांगीण विकास एवं जन-कल्याण के लिए प्रार्थना की।

पुनः अवसर मिलना मेरा सौभाग्य: मुख्यमंत्री
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि माता रानी के दरबार में दोबारा आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि एक बार पुनः मुझे माता रानी के दरबार में आने का अवसर प्राप्त हुआ है। मां कामाख्या की कृपा से झारखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो, यही मेरी कामना है।”

