
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी निवासी दिव्यांग युवक गोल्डी सिंह के जीवन की राह अब आसान होगी. गोलमुरी प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अतुल गुप्ता की विशेष पहल और पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त (DC) के सकारात्मक सहयोग से गोल्डी सिंह को इलेक्ट्रिक चार्जेबल ट्राईसाईकिल मुहैया कराया गया है. इस आधुनिक ट्राईसाईकिल की मदद से अब युवक की आवाजाही सुलभ हो सकेगी.
प्रशासन का जताया आभार
इस मानवीय कार्य के सफल होने पर गोलमुरी प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है. अतुल गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगों को सशक्त बनाना और उनके जीवन को सरल बनाना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है. इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को गोलमुरी प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से बहुत–बहुत साधुवाद दिया.
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कमेटी सक्रिय
गोलमुरी प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि वे अपने क्षेत्र के अंतर्गत होने वाली किसी भी समस्या के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय और अग्रसर हैं. उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी अपील की है कि वे क्षेत्र के विकास और समस्याओं के निराकरण में अपना सकारात्मक सहयोग दें.
आम जनता से बेझिझक संपर्क करने की अपील
कमेटी ने आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपनी किसी भी समस्या को लेकर बेझिझक कांग्रेस कमेटी से संपर्क कर सकते हैं. कमेटी ने आश्वासन दिया है कि स्थानीय निवासियों को अपनी समस्याओं से रूबरू कराना चाहिए, जिससे उनके निदान के लिए यथासंभव प्रयास किए जा सकें.

