
उदित वाणी, गिरिडीह: गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है. पीरटाँड थाना क्षेत्र के पालगंज के समीप एक अज्ञात मोटरसाइकिल के चकमे के कारण बाइक सवार पिता और उनके छह बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
ससुराल जाने के दौरान पालगंज के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, खुखरा निवासी 35 वर्षीय विनोद साव अपनी बाइक पर अपने छह बच्चों को बैठाकर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित अपने ससुराल जा रहे थे. जब वे पालगंज के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें अचानक चकमा दे दिया. इससे विनोद साव की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सभी सड़क पर जा गिरे.
अंधेरे में सड़क किनारे तड़पते रहे घायल
हादसा रात के समय हुआ, जिसके कारण काफी देर तक सभी घायल सड़क किनारे ही तड़पते रहे. घायलों में विनोद साव के अलावा उनकी 12 वर्षीय बेटी संतोषी कुमारी, 9 वर्षीय गुड़िया कुमारी, 7 वर्षीय कृति कुमारी, 5 वर्षीय अंकित कुमार, 4 वर्षीय कोमल कुमारी और 2 वर्षीय अंकुश कुमार शामिल हैं.
राहगीरों ने मसीहा बनकर पहुँचाया अस्पताल
काफी देर बाद वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी. उन्होंने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए एक टेम्पो रुकवाया और सभी सातों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुँचाया. वर्तमान में अस्पताल में सभी का प्राथमिक उपचार जारी है.

