
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड स्थित मस्जिद के पास गुरुवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब अज्ञात अपराधियों ने मनान दुकान के बाहर फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से गोली का एक खोखा बरामद हुआ है. हालांकि, इस फायरिंग में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मानी जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने गोली चलाने के साथ ही एक व्यक्ति से मोबाइल फोन भी छीन लिया.घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है.
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. “हमने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा,” – थाना प्रभारी ने कहा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से वे डरे हुए हैं. उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्ती की मांग की है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मोबाइल लूट और फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश, रंगदारी या अन्य आपराधिक एंगल की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया है.

