
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को निवारणपुर, रांची स्थित ऐतिहासिक श्री राम जानकी तपोवन मंदिर का दौरा किया. इस अवसर पर उनके साथ विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. दोनों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समस्त झारखंड वासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की मंगल कामना की.
नवनिर्माण कार्यों का लिया जायजा
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में चल रहे नवनिर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री ने निर्माण स्थल का भ्रमण कर बारीकी से कार्यों को देखा और मंदिर की भव्यता को लेकर आवश्यक जानकारी ली.
समिति ने दी आगामी चरणों की जानकारी
मौके पर श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति, रांची के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी. समिति ने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार और नवनिर्माण कार्य किस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है.
महंत और समिति सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर मंदिर के महंत श्री ओमप्रकाश शरण, मंदिर नव निर्माण समिति के श्री प्रणय कुमार सहित अन्य महत्वपूर्ण सदस्य उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की सराहना की और मंदिर की गरिमा के अनुरूप कार्यों को पूर्ण करने पर चर्चा की.

