
उदित वाणी, जमशेदपुर : चाकुलिया पुलिस को चोरी व ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायगढ़ थाना में दिनांक 30 जून 2025 के तहत चाकुलिया थाना पुलिस की सहायता से एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें नकली चांदी जैसी दिखने वाली भारी मात्रा में ज्वेलरी और आभूषण बरामद किए गए। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
घटना में एक महिला द्वारा की गई ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुदड़ीसाई नगर में छापेमारी की। आरोप है कि महिला ने गांव की एक अन्य महिला को चांदी जैसी दिखने वाली नकली वस्तुएं बेचकर ठगा था। पीड़िता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद जांच तेज की गई। जब पीड़िता अपने रिश्तेदारों के साथ आरोपी के घर पहुंची तो घर का ताला बंद पाया गया। इसके बाद मामले की लिखित सूचना रायगढ़ थाना को दी गई। रायगढ़ पुलिस और चाकुलिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गुदड़ीसाई नगर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में चांदी जैसी दिखने वाली नकली ज्वेलरी और आभूषण बरामद किए। इन सामानों में पायल, कमरबंध, झुमका, तिलसी, माला, चूड़ियाँ, नकली बाला, चैन, अंगूठी आदि शामिल हैं। इन सभी बरामद आभूषणों का कुल वजन 3.660 किलोग्राम है।
पुलिस ने बताया कि जब्त आभूषणों में लोहे का बना हुआ सामान भी शामिल है, जिसे चांदी जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी। आरोपी महिला का नाम गीता देवी है, जो दीपक नगर, गुदड़ीसाई पाड़ा, थाना चाकुलिया की रहने वाली है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को चाकुलिया थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में अवर निरीक्षक विनोद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रमेश मंडल, हवलदार लखन हेंब्रम, आरक्षी रंजीत टोप्पो, महिला चौकीदार नेपाली नायक और रमा महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में इस प्रकार के अपराध को रोकने के लिए आगे भी सघन अभियान चलाए जाएंगे।

