
उदित वाणी, रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित मिलन समारोह में चक्रधरपुर के विजय सिंह गगराई ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू तथा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गगराई को पार्टी का पटका पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह ने किया.
गगराई के साथ सदस्यता लेने वालों में सुशांत मंडल, हीरालाल खंडAIT, ललित ठाकुर, हारून मेलगांडी, बेसरा पूर्ति, विजय नाग, राजेंद्र मेलगांडी, रामू महतो, मार्कस गगराई, वीरसिंह हांसदा, राकेश जोंकों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य के आदिवासी, दलित व पिछड़े वर्गों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है. यह विकास विरोधी सरकार है. आए दिन आदिवासी युवाओं की हत्या हो रही है, बहन-बेटियां अपमानित हो रही हैं और अपहरण उद्योग बन गया है. पिछले छह वर्षों में यह झूठी सरकार ने राज्य को रसातल में धकेल दिया. एक भी वादा पूरा नहीं किया गया, जनता ठगी महसूस कर रही है.
साहू ने कहा कि पेसा कानून के नाम पर भी जनता को ठगा गया है, जिससे जनजातीय समाज का मोह सरकार से भंग हो रहा है. आज जनजाति समाज भाजपा की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर राज्य सरकार की नाकामियों को उजागर करने का आह्वान किया.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा ने ही झारखंड का गठन कराया है और यही इसका सर्वांगीण विकास कर सकती है. धोखे की इस सरकार का पाप का घड़ा फूटने वाला है, जनता किसी को माफ नहीं करती.
विजय सिंह गगराई ने नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि सच्चे सिपाही के रूप में वे पार्टी की नीतियों को धरातल पर उतारने को संकल्पित हैं. उनका तन-मन-धन पार्टी कार्यों के लिए समर्पित है और जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे सहर्ष निभाएंगे.

