
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है. राज्य के विभिन्न जिलों में मतों की गिनती जारी है और कई स्थानों पर यह प्रक्रिया पूरी भी हो चुकी है. इस चुनाव में करीब 100 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी हुई है, जिनमें जमशेदपुर के 12 अधिवक्ता भी शामिल हैं.
जमशेदपुर बार की मतपेटी 31 मार्च को सुबह 11 बजे खोली गई, जिसके बाद मतगणना का कार्य शुरू हुआ. दिनभर चली इस प्रक्रिया के बाद शाम करीब 5 बजे तक सभी मतों की गिनती पूरी कर ली गई. इसके बाद संबंधित 12 अधिवक्ताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए.
घोषित परिणामों के अनुसार अनिल कुमार तिवारी को सर्वाधिक 353 मत प्राप्त हुए. वहीं प्रकाश कुमार झा को 200 और राजेश कुमार शुक्ला को 227 मत मिले. अन्य प्रत्याशियों में कुमार राजेश रंजन को 130, हमीद रजा को 127, राजेश दास को 94, जितेंद्र सिंह को 89, राजेश जायसवाल को 77, एमडी. आफताब आलम खान को 64, विनीता सिंह को 52, रंजना कुमारी को 36 और शिल्पी प्रसाद को 28 मत हासिल हुए.
ये सभी प्रत्याशी 23 सदस्यीय झारखंड स्टेट बार काउंसिल में अपनी जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं. गौरतलब है कि इस चुनाव के लिए 12 मार्च को पूरे राज्य के जिला एवं अनुमंडल बार एसोसिएशनों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ था.
अब सभी की निगाहें अंतिम परिणाम पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि प्रदेश के अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व करने वाली इस महत्वपूर्ण संस्था में किन चेहरों को जगह मिलेगी.

