उदित वाणी,पटमदा : एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार गुरुवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी (पीटीएम) का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाल संसद एवं विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य द्वार पर अभिभावकों के पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत के साथ हुई।
इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए अभिभावक-शिक्षक संवाद की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय के बीच निरंतर एवं प्रभावी संवाद अत्यंत आवश्यक है। संगोष्ठी के दौरान विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भारती कुमारी ने छात्र-छात्राओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं पर अपने विचार रखे, वहीं अनीता मुर्मू ने “प्रयास” कार्यक्रम एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के महत्व को रेखांकित किया।
शिक्षिका डॉली डे ने अभिभावकों को बच्चों के स्वाध्याय में सहयोग, विद्यालय की स्वच्छता, इको क्लब की गतिविधियों तथा नशीले पदार्थों के दुरुपयोग जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग भी मिला, जब छात्राओं संगीता दास एवं अंजलि उरांव ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षिका आशा कुमारी एवं रिक्ता मिद्या के मार्गदर्शन में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मनी महतो, पूजा रानी महतो, संगीता, सुमित्रा एवं सुमित्रा मुर्मू सहित अन्य विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
इसके साथ ही अभिजीत पाल, गणेश महतो एवं राजीव महतो ने अभिभावकों को विद्यालय के विभिन्न हाउस की गतिविधियों एवं प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया, जिससे अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की बेहतर जानकारी मिल सकी।
अंत में सुबोध प्रसाद सिंह एवं तुलसी महतो ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।


