उदित वाणी, आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र में विगत एक अक्टूबर को मेटल वायर और हाईको कंपनी के बीच हुई सड़क दुर्घटना के 29 दिनों के बाद भी आरआईटी थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है. इस दुर्घटना में मुस्कान सिंह और उनके पति सोनू सिन्हा जख्मी हो गए थे. इस घटना में जख्मी मुस्कान की तबियत अब भी ठीक नहीं है तथा उनके कमर में तेज दर्द भी है. परिवार के लोग प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी प्राप्त करने के लिए थाना जाते हैं, तब टाल-मटोल वाली जानकारी दी जाती है.
उल्लेखनीय है कि मीरूडीह नया बस्ती निवासी सोनू और मुस्कान घटना के दिन अपनी बाइक से रात के 11.15 बजे से 11.45 बजे के बीच अपने घर जा रहे थे. इस बीच ही स्वीफ्ट डिजायर कार ने उन्हें धक्का मार दिया था. बुधवार को भी मामले की जानकारी के लिए परिजन जब आरआईटी थाना गए, तब उन्हें बताया गया कि केस के आईओ अभी छुट्टी पर हैं. अभी तक एफआईआर की कॉपी भी नहीं दी गई है. पीड़ित परिवार ने सीसीटीवी फुटेज निकालकर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है.

