
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में नई जलापूर्ति योजना के तहत जलापूर्ति हेतु टेस्टिंग शुरू कर दी गई है. परीक्षण के दौरान योजना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर और नियमित जल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है. टेस्टिंग सफल रहने के बाद इस योजना को शीघ्र हीं पूरी तरह लागू किया जाएगा.
पीने योग्य नहीं है पानी
नगर निगम के सिटी मैनेजर अजय कुमार ने बताया कि परीक्षण के दौरान सीतारामपुर डैम से बिना फिल्टर किया हुआ पानी पाइप लाइन के जरिए भेजा जा रहा है. यह प्रक्रिया केवल पाइप लाइन की लीकेज और तकनीकी खामियों का पता लगाने के लिए शुरू की गई है. नगर निगम के अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि इस पानी का उपयोग पीने के लिए न करें, क्योंकि यह शुद्ध नहीं है.
वहीं, नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि टेस्टिंग कार्य पूरा होने के बाद हीं फिल्टर किए गए स्वच्छ पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी, जिसके बाद आम लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा.

