
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सबसे पाश माने जाने वाले एम टाइप क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दुस्साहसपूर्ण घटना को अंजाम दिया. अज्ञात चोरों ने ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के आवास के पास स्थित एम-12, आदित्यपुर-01 स्थित नगर निगम के वॉर्ड संख्या-18 की दिवंगत पूर्व पार्षद विनीता अविनाश के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
बताया जाता है कि उक्त आवास में दिवंगत पूर्व पार्षद के देवर आलोक रंजन (सेना में कार्यरत, वर्तमान पदस्थापना जम्मू) का परिवार रहता है. फिलहाल परिवार के बाहर होने के कारण घर बंद था. चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठाते हुए घर के सभी कमरों के ताले तोड़ दिए. और आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामानों के साथ-साथ घर में लगी एलईडी टीवी को भी चुरा लिया.

नौकरानी के घर पहुंचने पर हुआ हुआ चोरी का खुलासा
घटना की जानकारी आज शाम 4 बजे तब सामने आई, जब घर की साफ-सफाई के लिए तैनात अनामिका नामक नौकरानी वहां पहुंची. घर के कमरों के ताले को टूटा देखकर उसने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों को सूचित किया. आलोक रंजन के भाई मृत्युंजय सिंह ने बताया कि चोरों ने शेड में खड़ी स्पोर्ट्स बाइक का लॉक तोड़कर उसे भी ले जाने की कोशिश की. परन्तु उसमें सफलता नहीं मिली.

पाश कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हुआ सवाल
इतने हाई-प्रोफाइल और पॉश इलाके में हुई भीषण चोरी की इस घटना ने आदित्यपुर पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया. स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष और असुरक्षा का माहौल है.
उप महापौर अंकुर सिंह ने की पुलिसिया जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थल पर पहुंचे वॉर्ड संख्या_18 के वर्तमान पार्षद एवं उप महापौर अंकुर सिंह ने पड़ोस में हुई चोरी की घटना का कड़ा विरोध किया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरी की इस घटना की उच्च स्तरीय जांच एवं कार्रवाई की मांग की है.

