
उदित वाणी, रांची: एसीबी ने निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता के एसबीआई स्थित दो बैंक लॉकर को फ्रीज कर दिया. ज्ञात हो कि एसीबी द्वारा शराब घोटाला, हजारीबाग वन भूमि घोटाला और सेवायत भूमि घोटाला के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विनय चौबे व अन्य के खिलाफ जांच कर रही है. इसी क्रम में एसीबी द्वारा आरोपियों के बैंक खातों की बारीकी से खंगाल जा रही है.
इसके साथ ही जांच एजेंसी द्वारा इस बात की भी जानकारी जुटायी रही है कि आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले के आरोपियों के पास किस-किस बैंक के लॉकर है. एसीबी ने झारखंड में संचालित सभी प्राइवेट और सरकारी बैंक को पत्र लिखकर यह जानकारी मांगी है कि निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, विनय चौबे के साले शिपीज त्रिवेदी, उनकी पत्नी प्रियंका त्रिवेदी और विनय चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी के पास किस-किस बैंक में कितने अकाउंट हैं.
बैंक अकाउंट के अलावा आरोपियों ने कितना लॉकर ले रखा है. पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि उक्त लोगों के नाम पर कोई लॉकर है, तो उसे अगले आदेश तक फ्रीज कर दिया जाय. एसीबी कुल दो दर्जन से ज्यादा बैंक अकाउंट खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विनय चौबे अलग-अलग जिलों में डीसी और उत्पाद विभाग में सचिव पद पर रहते हुए कितने पैसों का भ्रष्टाचार किया है और भ्रष्टाचार के जरिए की गई काली कमाई को कैसे और कहां निवेश किया गया है.

