
उदित वाणी, रांची : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने राज्य में आगामी पल्स पोलियो दिवस की तैयारियाँ पूरी कर ली हैं. आगामी 28 जून 2026 को पूरे राज्य में एक साथ 0 से 5 वर्ष तक के 61 लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक दी जाएगी. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और जिलावार लक्ष्य जारी कर दिया है. यह अभियान 28 जून को बूथ स्तर पर दवा पिलाने से शुरू होकर 30 जून 2026 तक घर-घर जाकर चलाया जाएगा.
सुरक्षा का महाअभियान: 24,507 बूथ और 49 हजार से अधिक टीमें मुस्तैद
इस वृहद राष्ट्रीय अभियान के तहत झारखण्ड के कुल 61,26,679 बच्चों को पोलियो सुरक्षा कवच देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. 28 जून को सुचारू रूप से दवा पिलाने के लिए राज्य भर में कुल 24,507 बूथ एक्टिव रहेंगे. इन बूथों पर मुस्तैदी से कार्य करने के लिए 49,013 टीमें तैनात की गई हैं. इस पूरे महाअभियान की कड़ी निगरानी और सटीक पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के लिए 4,901 सुपरवाइजरों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जानिए झारखंड के सभी 24 जिलों का आधिकारिक लक्ष्य
राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ विजय किशोर रजक ने अभियान के तहत सभी जिलों के लिए तय किए गए आधिकारिक आंकड़ों की विस्तृत जानकारी दी है, जो इस प्रकार है:
गिरिडीह: 4,89,227 बच्चे (राज्य में सबसे अधिक लक्ष्य)
राँची: 5,05,524 बच्चे
धनबाद: 4,24,729 बच्चे
पूर्वी सिंहभूम: 3,97,194 बच्चे
पलामू: 3,80,579 बच्चे
बोकारो: 3,53,072 बच्चे
देवघर: 3,30,033 बच्चे
हजारीबाग: 3,12,306 बच्चे
गढ़वा: 3,03,885 बच्चे
गोड्डा: 2,85,788 बच्चे
साहिबगंज: 2,64,166 बच्चे
पश्चिमी सिंहभूम: 2,37,658 बच्चे
दुमका: 2,30,074 बच्चे
चतरा: 2,20,048 बच्चे
पाकुड़: 1,89,512 बच्चे
सरायकेला: 1,76,653 बच्चे
रामगढ़: 1,71,477 बच्चे
कोडरमा: 1,56,731 बच्चे
लातेहार: 1,56,643 बच्चे
गुमला: 1,49,571 बच्चे
जामतारा: 1,28,055 बच्चे
खूँटी: 98,008 बच्चे
लोहरदगा: 84,035 बच्चे
सिमडेगा: 81,711 बच्चे
स्वास्थ्य विभाग की अपील: ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलवाएं
आईईसी (IEC) कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह ने राज्य के सभी नागरिकों और अभिभावकों से बेहद महत्वपूर्ण अपील की है. उन्होंने कहा है कि सभी नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लेकर जाएं और उन्हें पोलिया की ‘दो बूंद जिंदगी की’ जरूर पिलवाएं ताकि राज्य को पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके.

