
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्कूली छात्रा की तस्वीर को उसी के स्कूल में पढ़ने वाले जूनियर छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक रूप में तैयार कर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया. इस घटना के उजागर होते ही छात्रा और उसके परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी नाबालिग छात्र ने 18 दिसंबर को स्कूल परिसर में छात्रा की तस्वीर ली थी. बाद में उसने उस तस्वीर को एआई के माध्यम से न्यूड फोटो में बदल दिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. जब यह तस्वीर वायरल हुई तो इसकी जानकारी किसी माध्यम से छात्रा को मिली. छात्रा ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग उलीडीह थाना पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.
छात्रा की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट 2000 की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी छात्र के नाबालिग होने के कारण पुलिस किशोर न्याय अधिनियम के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है. पुलिस आरोपी की पहचान कर चुकी है और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी छात्र ने यह आपराधिक कृत्य किसी के कहने पर तो नहीं किया. इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या समूह तो सक्रिय नहीं है, जिसने नाबालिग को इस तरह की हरकत के लिए उकसाया हो.
उलीडीह पुलिस का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और पीड़ित छात्रा की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा जा रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग और एआई तकनीक से जुड़े ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है.

