
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के श्याम नगर छठ घाट के पास छापामारी कर दोनों आरोपियों को 50 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों पकड़ा.
गिरफ्तार युवकों की पहचान शेरा देवगम और दीपक मुंडा के रूप में हुई है. दोनों आरोपी न्यू उलीडीह मुर्दा मैदान क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पूर्व में ही जारी किए गए हैं. इन्हीं निर्देशों के आलोक में उलीडीह थाना पुलिस अपने क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रख रही थी.
सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि श्याम नगर छठ घाट के पास दो युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक वचनदेव कुमार के नेतृत्व में उलीडीह थाना प्रभारी शारिक अली एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापामारी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

