
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत जी हॉस्टल के पास शनिवार को गोलमुरी ट्रैफिक थाना की पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ स्कूटी से वहां से गुजर रही थी. पुलिस को देखकर महिला घबरा गई और स्कूटी मोड़कर वापस जाने लगी. इसी बीच ट्रैफिक थाना के सिपाही कमलेश राय ने उसे रोकने के प्रयास में दौड़कर धक्का दे दिया, जिससे महिला और उसकी बच्ची सड़क पर गिर पड़े.
महिला के गिरते ही सिपाही घबरा गए और मौके से भाग निकले. स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को संभाला. बताया जाता है कि जब महिला उठकर फिर से जाने लगी, तभी दोबारा कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पीछे से स्कूटी को धक्का दे दिया, जिससे महिला दोबारा सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस हरकत का जोरदार विरोध किया. मौके पर भीड़ जुट गई और लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ती देख सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां से निकल गए.
स्थानीय लोगों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना टेल्को थाना को दी गई है. बताया जा रहा है कि स्थानीय नागरिकों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है. वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. घटना के बाद इलाके में लोगों में रोष व्याप्त है.

