
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां टाइगर मोबाइल के जवानों की सतर्कता से संभावित आपराधिक वारदात टल गई. लेबर ब्यूरो के समीप गश्त के दौरान जवानों ने एक संदिग्ध नाबालिग को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक किशोर बाइक से लेबर ब्यूरो इलाके से गुजर रहा था. इसी दौरान वहां तैनात टाइगर मोबाइल के जवानों की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ी. किशोर का व्यवहार असामान्य लगने पर जवानों ने तुरंत उसे रुकने का संकेत दिया. शुरुआत में वह थोड़ा घबराया हुआ दिखा, जिससे जवानों का शक और गहरा गया.
जब उसकी तलाशी ली गई, तो जवान भी हैरान रह गए. नाबालिग के पास से एक-एक कर कुल 10 जिंदा गोलियां बरामद हुईं. भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े इतनी मात्रा में कारतूस मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.
घटना के तुरंत बाद टाइगर मोबाइल के जवानों ने किशोर को हिरासत में लेकर टेल्को थाना पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर ये कारतूस कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से किसी बड़ी घटना को टाला जा सका है. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है.

