
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क के समीप मंगलवार देर शाम चापड़बाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. हमले में घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के समय युवक की कथित प्रेमिका भी मौके पर मौजूद थी. आरोप है कि उसी के इशारे पर फारूक और अयान ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर आदर्श सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया.
एकतरफा प्रेम से बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि आदर्श सिंह युवती से एकतरफा प्रेम करता था. युवती द्वारा कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और अंततः मंगलवार को उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है.

