
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन मेन गेट के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक सीएनजी टेंपो में अचानक आग लग गई. आग लगते ही दो तेज धमाके हुए, जिनकी आवाज दूर तक सुनाई दी. अचानक हुए विस्फोटों से वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, टेंपो को कीताडीह निवासी पवन राय चला रहा था. वह स्टेशन से कुछ यात्रियों को लेकर निकला ही था कि तभी कुछ राहगीरों ने वाहन के नीचे से चिंगारी निकलते देखी. उन्होंने तुरंत चालक को इसकी जानकारी दी. चेतावनी मिलने के कुछ ही पलों बाद टेंपो से धुआँ उठने लगा और आग भड़क गई. लपटें तेज होते देख सभी यात्री और चालक समय रहते वाहन से उतरकर सुरक्षित जगह पर चले गए, जिससे बड़ी घटना टल गई.

आग लगने के बाद कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागते नजर आए. इस बीच टेंपो पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और दो तेज धमाकों ने स्थिति को और भयावह बना दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुँची. थोड़ी देर बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी भी पहुंची. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग बुझने के बाद आवागमन सामान्य हो सका.
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. प्रारंभिक रूप से माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या किसी पाइपलाइन के लीक होने से चिंगारी निकली होगी, लेकिन सटीक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.

