
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने न सिर्फ बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया, बल्कि तस्करी के एक बेहद अनोखे और चालाक तरीके का भी खुलासा किया है. मंगलवार रात चलाए गए अभियान में आरपीएफ ने चार तस्करों को 75 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया.
चौंकाने वाली बात यह रही कि तस्कर गांजा को छिपाने के लिए 50 किलो क्षमता वाले प्लास्टिक बोरे का इस्तेमाल कर रहे थे. बोरे के बीचों-बीच गांजा रखा गया था, जबकि ऊपर, नीचे और चारों तरफ से सोयाबीन बरी भर दी गई थी, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो. इस जुगाड़ के जरिए तस्कर सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने की कोशिश में थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह और राजा सोनार उर्फ राज के रूप में हुई है. सभी पश्चिमी चंपारण (बेतिया) के निवासी हैं. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे उड़ीसा के अलग-अलग इलाकों से गांजा लेकर आए थे और टाटानगर के रास्ते गोरखपुर व बेतिया ले जाने की योजना थी.
आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन के नेतृत्व में टीम की सतर्कता से यह तस्करी नाकाम हो गई. बरामदगी के बाद चारों आरोपियों को रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई तस्करी के बदलते तरीकों पर भी बड़ा संकेत मानी जा रही है.

