
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुन्दरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदूप गांव में मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसमें 65 वर्षीय सिदयू सोय की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक के पुत्र कमल सोय ने बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे. इस दौरान उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना था. जैसे ही वे पटरी पार करने लगे, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई. ट्रेन की गति इतनी अधिक थी कि वे संभल नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत सुन्दरनगर थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना के समय की परिस्थितियों व ट्रेन की गति का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

