उदित वाणी, जमशेदपुर : सोमवार की शाम सुंदरनगर-हाता रोड पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. तेज रफ्तार ट्रक और डाला टेंपो की आमने-सामने टक्कर में 24 वर्षीय असरफ इकबाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी अरसद और गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, मानगो आजादनगर मुर्दा मैदान के पास रहने वाला असरफ अपने दोस्तों के साथ शाम करीब चार बजे टेंपो से हाता की ओर जा रहा था. जैसे ही वाहन हाता चौक के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए.
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने असरफ को मृत घोषित कर दिया. वहीं अरसद और गुड्डू का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जाता है कि असरफ मानगो की एक चप्पल दुकान में काम करता था और अपने परिवार का सहारा था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, हालांकि पुलिस जांच में जुट गई है.


