
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के परदेसी पाड़ा निवासी 58 वर्षीय पूर्णिमा देवी ने मंगलवार को पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक के अनुपस्थिति में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को ज्ञापन सौंपते हुए मामले के आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है.
पूर्णिमा देवी ने अपने ज्ञापन में बताया कि 9 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे उनके घर में किराएदार शांति देवी, उसका पुरुष मित्र बैकुण्ठ प्रसाद सिंह, बेटा राघवेन्द्र सिंह, छोटा बेटा राकेश सिंह और उनके साथ आए 15-20 लोगों ने मिलकर जबरन घुसपैठ की और उन पर जानलेवा हमला किया. घटना के दौरान उनके घर में अफरातफरी मच गई और आरोपी जाते-जाते उन्हें धमकी भी देकर गए.
पीड़िता के अनुसार, घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत सोनारी थाना को दी, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया. बाद में जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया, तब भी थाना पुलिस दो दिनों तक टालमटोल करती रही और अंत में उनसे कहा गया कि वे कोर्ट से केस दर्ज कराएं.
इसके बाद पूर्णिमा देवी ने 11 नवंबर को सोनारी थाना, डीएसपी सोनारी और नगर पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन आवेदन भेजकर न्याय की गुहार लगाई. हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक किसी भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं की गई है.
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी समूह अभी भी खुलेआम इलाके में घूम रहा है और उन्हें लगातार केस उठाने की धमकी दे रहा है, जिससे वे दहशत में हैं.
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बन सके.

