
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बुधराम बस्ती में मंगलवार को 33 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आकाश का शव उसके ही कमरे से बरामद किया गया, जिसके बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने घटनास्थल की गहन जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में किसी तरह के संघर्ष या हत्या के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिलने की बात कही जा रही है. पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानकर हर पहलू से जांच कर रही है.
मृतक के परिजनों ने आकाश की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि आकाश ने करीब पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह परिवार से अलग रह रहा था. बताया गया कि दो दिन पहले उसकी पत्नी किसी बात को लेकर उसे छोड़कर चली गई थी. इसके बाद से आकाश अकेला रह रहा था और मानसिक रूप से काफी परेशान था. परिजनों का आरोप है कि पत्नी के चले जाने से वह गहरे अवसाद में चला गया और इसी वियोग में उसने आत्महत्या कर ली.
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों से गाली-गलौज करने के बाद वहां से लौट गई, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है.

