
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चोरी के दो आरोपी पुलिस की जीप से कूदकर फरार हो गए. अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए और आनन-फानन में दोनों के पीछे दौड़ पड़े. बताया जा रहा है कि दोनों पर टाटा स्टील कंपनी परिसर से चोरी करने का आरोप है, हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना पुलिस चोरी के दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में थी. जेल भेजने से पूर्व उनकी फिंगरप्रिंटिंग प्रक्रिया पूरी करने के लिए दोनों को एसएसपी कार्यालय लाया गया था. इसी दौरान मौका पाकर दोनों आरोपियों ने हाथ में बंधी रस्सी को चुपके से काट लिया और पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए जीप से कूदकर भाग निकले.

जैसे ही आरोपी भागे, पुलिसकर्मी हड़बड़ाहट में उनके पीछे दौड़े. करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस एक आरोपी को पकड़ने में सफल रही, लेकिन दूसरा आरोपी चकमा देकर फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फरार आरोपी पास के सरकारी क्वार्टर इलाके की ओर भागा और वहां से ओझल हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी सक्रिय हो गए. बिष्टुपुर थाना पुलिस और आसपास के थानों की टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. पूरे इलाके में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि उसे जल्द पकड़ा जा सके.
इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सूत्रों की मानें तो एसएसपी कार्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर आरोपियों का भाग जाना गंभीर लापरवाही है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा.

