
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के दलदली गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब ससुराल आए एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी मार्सल सोरेन के रूप में हुई है. वह अपने ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था, लेकिन यह खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया.
परिजनों के अनुसार, मार्सल गुरुवार रात से ही लापता था. काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार को जब परिजन उसे तलाशते हुए घर के पास पहुंचे, तो उसका शव एक पेड़ से लटका मिला. इस दृश्य को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मार्सल ने पहली पत्नी की मौत के बाद करीब छह महीने पहले दलदली गांव में दूसरी शादी की थी.
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. परिजन भी इस घटना को लेकर कुछ नहीं बता पा रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

