
उदित वाणी, जमशेदपुर: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अब भारत में भी दिखने लगा है। संभावित गैस किल्लत को देखते हुए तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव किए हैं। हालांकि, इस संवेदनशील स्थिति का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं और एलपीजी सिलिंडर तथा पीएनजी कनेक्शन के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
साइबर अपराधी खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी या प्रतिनिधि बताकर उपभोक्ताओं को कॉल करते हैं। वे सिलिंडर बुकिंग, केवाईसी अपडेट या कनेक्शन वेरिफिकेशन के नाम पर व्यक्तिगत जानकारी मांगते हैं। इसके बाद वे व्हाट्सएप, एसएमएस या सोशल मीडिया के जरिए एक लिंक भेजते हैं और दावा करते हैं कि इस पर क्लिक कर भुगतान करने से तुरंत गैस की डिलीवरी हो जाएगी।
जैसे ही उपभोक्ता इस फर्जी लिंक पर क्लिक कर भुगतान करता है, पैसा सीधे ठगों के खाते में पहुंच जाता है। कई मामलों में लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन का एक्सेस भी हैक हो जाता है, जिससे बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली जाती है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या सोशल मीडिया मैसेज पर भरोसा न करें। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि फिलहाल जिले में इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि गैस बुकिंग हमेशा आधिकारिक ऐप या वेबसाइट के जरिए ही करें और किसी भी अनधिकृत लिंक पर क्लिक करने से बचें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है।

