
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में बड़गाछ के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दानिश नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार, दानिश पर अचानक चापड़ से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह मौके पर ही बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उसे टीएनबी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक युवक को गहरे घाव आए हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस हमले के पीछे रेहान नामक युवक का हाथ हो सकता है. हालांकि, हमले की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है और कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है.

