
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में स्थित टिनप्लेट मैदान में बीते बुधवार को फल व्यवसायी कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद मृतक की पत्नी कुसुम देवी के लिखित आवेदन पर गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर डीएसपी सिटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले, अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह उर्फ खेबड़ा तथा रजा आलम के रूप में हुई है. सभी आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
एसएसपी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी कण्ट्रीमेड पिस्टल, सात खोखा और तीन पिलेट बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. गुरप्रीत सिंह के खिलाफ टेल्को और बर्मामाइंस थाना में लूट सहित अन्य मामलों में केस दर्ज हैं, जबकि अमरीक सिंह पर वर्ष 2022 में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की पुष्टि हुई है. सुमित कुमार सिंह पर भी पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की बात सामने आई है.
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस कांड में अन्य अपराधियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं. संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी व्यक्तियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

