
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मैन हॉस्पिटल (टीएमएच) के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस वक्त हंगामा मच गया, जब सुरक्षाकर्मियों और एक मरीज के परिजन के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मियों द्वारा मारपीट और कथित गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है.
जानकारी के अनुसार, एक युवक अपने अस्पताल में भर्ती पिता को डिस्चार्ज कराने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान मुख्य गेट पर हेलमेट पहनने को लेकर उसकी सिक्योरिटी गार्ड से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि सुरक्षाकर्मियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि युवक को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया.
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

