
उदित वाणी,जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार (23) और विकास रजक (22) अपने दोस्त कप्तान शर्मा के साथ देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर देवरी मंदिर जा रहे थे। बाइक कप्तान शर्मा चला रहे थे।
बताया जा रहा है कि चांडिल के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन कुमार और विकास रजक को मृत घोषित कर दिया, जबकि कप्तान शर्मा को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। इस खबर के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
कप्तान शर्मा ने बताया कि अमन का जन्मदिन था और इसी मौके पर वे मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। अमन ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था, जबकि विकास रजक बजाज फाइनेंस में कार्यरत था। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

