उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए तड़ीपार अपराधी रौशन सिंह उर्फ पाका के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है। हाल ही में अपराध की योजना बनाते पकड़े गए रौशन पर अब तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने का आरोप भी जुड़ गया है। इस संबंध में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकिर आलम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बीते दिनों गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया था, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गिरफ्तार अपराधियों में रौशन सिंह भी शामिल था, जिसे पहले से ही जिले से तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद उसका क्षेत्र में सक्रिय रहना पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तड़ीपार आदेश का उल्लंघन कानूनन गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। रौशन सिंह पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी गतिविधियों पर पहले से ही नजर रखी जा रही थी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सूरत में अपराधियों को कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।


