उदित वाणी, जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय गार्डन रीच से जारी एक अहम आदेश के तहत टाटानगर के वाणिज्य विभाग से जुड़े अधिकारी शंकर कुमार झा को पदोन्नत कर सहायक वाणिज्य प्रबंधक के पद पर नियुक्त किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, श्री झा पहले मुख्य टिकट निरीक्षक (टाटा/चक्रधरपुर) के पद पर कार्यरत थे और उन्हें समूह ‘बी’ में 70 प्रतिशत कोटा के तहत पदोन्नति दी गई है। यह चयन 21 अगस्त 2025 को जारी कार्मिक विभाग के ज्ञापन के आधार पर किया गया है।
पदोन्नति के साथ ही उनका स्थानांतरण आद्रा डिवीजन में कर दिया गया है, जहां उन्हें सहायक वाणिज्य प्रबंधक (वित्त प्रबंधन) के पद पर तैनात किया गया है। यह पद पहले से रिक्त था, जिसे अब उनकी नियुक्ति से भर दिया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति महाप्रबंधक की स्वीकृति से हुई है और श्री झा के खिलाफ कोई भी सतर्कता या विभागीय मामला लंबित नहीं है। साथ ही उन्हें वेतन निर्धारण के लिए एक माह के भीतर विकल्प देने की सुविधा भी प्रदान की गई है।
रेलवे सूत्रों का मानना है कि श्री झा का लंबा अनुभव आद्रा डिवीजन में राजस्व प्रबंधन और यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। इस प्रकार की पदोन्नतियां संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।


