
उदित वाणी,जमशेदपुर: रामनवमी के पावन अवसर पर मानगो एनएच-33 स्थित आशियाना अन्तारा सोसाइटी में श्रद्धा और उत्साह के साथ महावीर बजरंगबली का ध्वज स्थापित किया गया। इस मौके पर सोसाइटी के सभी निवासियों ने एकजुट होकर सामूहिक पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति व सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
सामूहिक संकल्प के साथ ध्वज स्थापना
सोसाइटी के विकास सिंह ने बताया कि आशियाना अन्तारा में कुल 394 फ्लैट हैं और सभी फ्लैट धारकों ने मिलकर सामूहिक संकल्प लिया। इसके तहत सोसाइटी प्रांगण में महावीर जी का ध्वज स्थापित किया गया और बजरंगबली से सोसाइटी व आसपास के क्षेत्र की रक्षा की कामना की गई।
हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ध्वज स्थापना के साथ ही जयकारों और भक्ति गीतों से सोसाइटी परिसर गूंजता रहा।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस धार्मिक आयोजन में सोसाइटी के कई सदस्य शामिल हुए। प्रमुख रूप से विकास सिंह, रवीन्द्र पठानिया, धनेश तिवारी, सूरज सिंह, सुरेश रजक, आर.के. जायसवाल, अवधेश अशेष, आर.के. शरण, विजय रजक, सुशील खरे, रतन झा, अजीत पाठक, एम.एम. दास, अमोल मैती, अंकुर आहूजा, मनोज साहू, आनंद, बाल कृष्णा, प्रकाश सिंह, अंकित आहूजा, अनुमय दास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रामनवमी के इस आयोजन ने सोसाइटी में एकता, आस्था और सामूहिकता का संदेश दिया, जहां सभी निवासियों ने मिलकर पर्व को भक्ति और उल्लास के साथ मनाया।

