
उदित वाणी,जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता ने आगामी चैत्र छठ पर्व और रामनवमी उत्सव को लेकर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों एवं प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
छठ घाटों पर व्यापक सफाई अभियान का निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि छठ घाटों पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
रामनवमी को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश
महापौर ने रामनवमी उत्सव को लेकर भी विशेष तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, जल छिड़काव, पेयजल की उपलब्धता और भीड़ प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

