
उदित वाणी, रांची/जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव (2026-31) की मतगणना मंगलवार को अपने नौवें दिन में प्रवेश कर गई. जैसे-जैसे मतों की गिनती आगे बढ़ रही है, हार-जीत का अंतर सिमटता जा रहा है और मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुँच गया है. कई दिग्गज अधिवक्ताओं के बीच वोटों का अंतर सीमित होने से अंतिम परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है.
मृत्युंजय श्रीवास्तव सबसे आगे:
नौवें दिन (31 मार्च 2026) की मतगणना के बाद, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव (बोकारो) 454 वोटों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. उनके ठीक पीछे अब्दुल कलाम राशिदी 453 वोट लेकर दूसरे स्थान पर हैं. दोनों के बीच महज एक वोट का अंतर इस चुनाव को बेहद रोमांचक बना रहा है.
शीर्ष 10 में कड़ी प्रतिस्पर्धा:
मतगणना के ताजा आंकड़ों में शीर्ष 10 उम्मीदवारों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है.
मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव (बोकारो) 454 वोट
अब्दुल कलाम राशिदी (झारखंड उच्च न्यायालय) 453 वोट
अभिषेक कुमार भारती – 401 वोट (सी.सी. राँची)
प्रशांत कुमार सिंह – 363 वोट (झारखंड उच्च न्यायालय)
जितेंद्र कुमार – 361 वोट (धनबाद)
अनिल कुमार तिवारी – 353 वोट (जमशेदपुर)
राज कुमार – 349 वोट (हजारीबाग)
पवन रंजन खत्री – 332 वोट (सी.सी. राँची)
ललित यादव – 317 वोट (झारखंड उच्च न्यायालय)
प्रयाग महतो – 292 वोट (धनबाद)
इन सभी उम्मीदवारों के बीच अंतर अधिक नहीं होने के कारण आने वाले राउंड्स में स्थिति बदल सकती है.
विभिन्न जिलों से मिल रहे हैं अलग-अलग रुझान:
12 मार्च 2026 को हुए झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना 20 मार्च को रांची स्थित स्टेट बार काउंसिल भवन में शुरू हुई. नौ दिन (31 मार्च तक) की मतगणना में जमशेदपुर, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, हुसैनाबाद, जामताड़ा, खूंटी, लातेहार, गरवा, घाटशिला, गोड्डा, गुमला, धनबाद, देवघर, दुमका, सिविल कोर्ट रांची, बुंदू, चाईबासा, चक्रधरपुर, चांडिल, छतरपुर, चतरा, डाल्टनगंज, बरही, बोकारो जिलों के वोट शामिल हैं. अलग-अलग जिलों में उम्मीदवारों का प्रदर्शन भिन्न रहा है, जिससे कुल परिणाम पर सीधा असर पड़ रहा है.
कुल वैध मत : 12,323
कुल डाले गए वोट : 12,781
अवैध मत : 458
मतगणना जारी रहेगी:
निर्वाचन पदाधिकारियों के अनुसार, मतगणना बुधवार (1 अप्रैल 2026) को भी जारी रहेगी. अगला बैलेट झारखंड हाईकोर्ट से संबंधित होगा. अंतिम परिणाम के लिए अगले कुछ राउंड बेहद निर्णायक साबित होंगे.
12 मार्च को हुआ था मतदान
गौरतलब है कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव के लिए 12 मार्च 2026 को पूरे राज्य में मतदान कराया गया था. झारखंड के 28 जिलों, 8 तालुका और एक उच्च न्यायालय बार संघ सहित कुल 37 बार एसोसिएशन (कुल 75 मतदान केंद्र) में एक साथ चुनाव संपन्न हुआ था. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों से बैलेट बॉक्स रांची स्थित स्टेट बार काउंसिल भवन में सुरक्षित रखे गए हैं. मतगणना 20 मार्च को रांची स्थित स्टेट बार काउंसिल भवन में शुरू हुई.
23 पदों के लिए 100 उम्मीदवार मैदान में:
इस बार बार काउंसिल के कुल 25 सदस्य पदों में से 23 पदों के लिए चुनाव हो रहा है. इनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन किया जाएगा, जबकि 2 महिला सदस्यों का चयन बाद में मनोनयन (को-ऑप्शन) के माध्यम से होगा. चुनाव मैदान में कुल 100 उम्मीदवार हैं, जिनमें 75 पुरुष और 25 महिला अधिवक्ता शामिल हैं.
कुल पद : 23
पुरुष सदस्य : 18, महिला सदस्य : 5
को-ऑप्शन से चयन : 2 महिला सदस्य
कुल उम्मीदवार : 100
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के मुख्य चुनाव पदाधिकारी न्यायमूर्ति अंबुज नाथ हैं.
(Jharkhand State Bar Council election 2026, Ranchi counting 20 March, Bar Council election Jharkhand candidates, Jamshedpur advocates election, Jharkhand Bar election results, advocate voting Jharkhand)

