उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची स्थित रामलीला मैदान के पास घटना रविवार की है उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से चैन छीन ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार क्वार्टर नंबर L4/6 में रहने वाली महिला सुबह दूध लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला के गले से सोने की चैन झपट ली। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और भाग रहे बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खुद को घिरता देख बदमाशों ने पिस्टल निकाल ली और लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना रामलीला मैदान स्थित टीओपी के बेहद करीब हुई है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के नजदीक अपराधियों ने खुलेआम चैन स्नैचिंग और फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। स्थानीय नागरिकों ने इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


