
उदित वाणी,जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में आज महा-नवमी और रामनवमी का उत्सव पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. एक ओर चैत्र नवरात्र की महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना हो रही है, वहीं दूसरी ओर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा है. सुबह से ही मंदिरों और अखाड़ों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.
यह भी पढ़े : सुरक्षा के घेरे में रामनवमी: पुलिस छावनी बनेगा जमशेदपुर, ट्रैफिक में बड़े बदलाव
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़:
शहर के बिष्टुपुर स्थित श्री राम मंदिर, साकची का शीतला माता मंदिर और कदमा का रैंकणी मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों और शक्तिपीठों में भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. सिदगोड़ा सूर्य मंदिर और टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं. इसके अलावा बेल्डीह कालीबाड़ी, जयंती सरोवर दुर्गा पूजा स्थल, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (केबुल टाउन) समेत कई धार्मिक स्थलों पर महानवमी के साथ-साथ चैती छठ के पारण का भी विशेष महत्व देखने को मिल रहा है.
हनुमान मंदिर बने आकर्षण का केंद्र:
रामनवमी के अवसर पर शहर के हनुमान मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. श्री श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर (रोहन अखाड़ा) में स्थापित लगभग 25 फीट ऊंची हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भक्तों को आकर्षित कर रही है. वहीं न्यू सीताराम डेरा स्थित जम्बो अखाड़ा हनुमान मंदिर भी अपने शांत और सुंदर वातावरण के लिए श्रद्धालुओं की पसंद बना हुआ है.

मां सिद्धिदात्री की पूजा और कन्या पूजन:
नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री के स्वरूप की विशेष पूजा की जा रही है. साकची शीतला माता मंदिर, गोलमुरी स्थित काली मंदिर और बिष्टुपुर राम मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है.
आज के दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व है. घरों और मंदिरों में नौ छोटी कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उन्हें हलवा-पूरी और चने का भोग लगाया गया. व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर पखारकर और उपहार देकर अपना नौ दिवसीय उपवास पूर्ण किया.
ज्वारा पूजा का हुवा विसर्जन
टुइलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित अखंड ज्योत ज्वारा पूजा का भव्य विसर्जन शोभा यात्रा के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु भक्ति भाव से सराबोर नजर आए, जहाँ महिलाएं कतारबद्ध होकर अपने सिर पर अखंड ज्योत कलश और लहलहाते ज्वारा लेकर चल रही थीं. विसर्जन जुलूस के दौरान मां दुर्गा, नरसिंह अवतार और भगवान हनुमान की जीवंत झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया. छत्तीसगढ़ से आई जश गायन मंडली के भजनों और पारंपरिक गीतों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र माता के जयकारों और भक्तिमय संगीत से गुंजायमान हो उठा.
हवन और विशेष आरती से भक्तिमय माहौल
शहर के विभिन्न मंदिरों में हवन, पूजन और विशेष आरती का आयोजन किया गया. मंत्रोच्चार, घंटियों और शंख ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. जमशेदपुर में महा-नवमी और रामनवमी का यह संगम श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा है, जहां हर ओर भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है.

