उदित वाणी, जमशेदपुर: रविवार को ओपीडी सेवा बंद रहने के कारण सोमवार सुबह एमजीएम अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे से ही रजिस्ट्रेशन काउंटर के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग गई। मरीज ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आए।
अस्पताल परिसर में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में होमगार्ड जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अन्य दिनों की तुलना में सोमवार को मरीजों की संख्या अधिक होने से मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गर्मी और भीड़ के कारण लोगों के पसीने छूटते दिखे।
सोमवार को न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑनकोसर्जरी और कार्डियोलॉजी जैसी सुपरस्पेशलिटी ओपीडी सेवाएं संचालित होने के कारण दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इससे रजिस्ट्रेशन काउंटर और ओपीडी के बाहर पूरे दिन दबाव बना रहा।


