उदित वाणी, मुजफ्फरपुर: शहर के व्यस्त अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी इलाके में रविवार को कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने आईकॉन टावर के सामने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गोविंद शर्मा पिछले कुछ समय से छोटी कल्याणी स्थित आईकॉन टावर में किराए के मकान में रह रहा था। रविवार को वह टावर के सामने मौजूद था, तभी अचानक पहुंचे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने कुछ ही सेकंड में कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल गोविंद शर्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई और गैंग कनेक्शन समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।


