उदित वाणी जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे में सहायक ट्रेन परिचालन प्रबंधक (एओएम) पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय परीक्षा का आयोजन रविवार को किया जा रहा है। यह परीक्षा जमशेदपुर के मानगो सहित जोन के विभिन्न शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हो रही है।
रेल सूत्रों के अनुसार, एओएम के करीब आधा दर्जन रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने विभागीय परीक्षा की अधिसूचना जारी की थी। इस प्रतिष्ठित पद पर पदोन्नति पाने के लिए परिचालन समेत विभिन्न विभागों के करीब 700 वरिष्ठ रेल कर्मचारियों ने आवेदन किया है।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में 27 मई को लगभग आधे अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जा चुकी है, जबकि शेष उम्मीदवारों की परीक्षा रविवार को हो रही है।
एओएम पद रेलवे के परिचालन तंत्र में महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में कर्मचारियों के बीच इस परीक्षा को लेकर उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा भी देखी जा रही है। सफल अभ्यर्थियों को रेलवे संचालन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में अहम भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।


