
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के समीप बुधवार शाम ट्रैफिक चेकिंग के दौरान उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने हंगामे का रूप ले लिया और मौके पर मौजूद एएसआई अरविंद को लोगों ने घेर लिया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिसकर्मी सोसाइटी के ठीक बाहर वाहन जांच कर रहे थे, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और इस दौरान आम लोगों को अनावश्यक रूप से रोका-टोका जा रहा है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एएसआई अरविंद द्वारा चालान काटने की धमकी दी जाती है।
वहीं, एएसआई अरविंद ने पूरे मामले को अलग नजरिए से पेश किया। उनके अनुसार, उन्होंने एक वाहन को नियमित जांच के तहत रोका था, लेकिन चालक के पास जरूरी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। जब वाहन जब्त करने की बात कही गई, तो चालक ने गाड़ी छोड़ने का दबाव बनाया। एएसआई ने स्पष्ट किया कि वाहन छोड़ने का अधिकार उनके पास नहीं है, यह निर्णय उच्च अधिकारियों द्वारा लिया जाता है। इसी बात पर चालक ने फोन कर अपने परिचितों को बुला लिया, जिसके बाद करीब 15-20 लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति बिगड़ गई।
करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। हालांकि, यातायात डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं है और न ही कोई लिखित शिकायत प्राप्त हुई है।

