
उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में बोलबम ट्रांसपोर्ट एजेंसी से प्रतिबंधित कफ सिरप ‘ऑनरेक्स’ की 20 पेटियां बरामद की गईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को पहले से इनपुट मिला था कि ट्रांसपोर्ट के माध्यम से नशीली दवाओं की खेप शहर में पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की टीम ने बिना देर किए एजेंसी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में ऑनरेक्स सिरप बरामद हुआ, जिसका दुरुपयोग नशे के रूप में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त की गई खेप रांची से भेजी गई थी। हालांकि, जब पुलिस ने एजेंसी से जुड़े लोगों से वैध कागजात मांगे, तो कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। कागजों के अभाव में पुलिस ने पूरे माल को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध सप्लाई के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं, नेटवर्क कितना बड़ा है और इस खेप को कहां खपाने की योजना थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह नेटवर्क राज्य के अन्य जिलों तक फैला हुआ कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।

