
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच बिष्टुपुर पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए चोरी की स्कूटी बरामद कर ली और मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित तकनीकी जांच का परिणाम मानी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को बिरसानगर जोन नंबर-05 निवासी प्रकाश कुमार सिंह ने अपनी स्कूटी (संख्या जेएच-05 बीएच-8350) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात अपराधियों द्वारा वाहन चोरी किए जाने के बाद वादी के लिखित आवेदन पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिष्टुपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि चोरी की गई स्कूटी को आरोपी मोदी पार्क से जेआरडी होते हुए जुबली पार्क की दिशा में ले जा रहे थे।
मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी को बरामद कर लिया। बरामद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर जेएच-05 बीएच-8350 कर दिया गया था, जिससे पहचान छुपाने की कोशिश की गई थी।
इस मामले में पुलिस ने शोएब अंसारी उर्फ टाका (21 वर्ष), निवासी कपाली, को गिरफ्तार किया है। वह कपाली स्थित टीओपी चौक के पास किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद और नीले रंग की होंडा कंपनी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

