
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना ने लोगों को दहला दिया। गंगोर स्वीट्स के पास सरेआम हुए इस हंगामे ने इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया। एक युवक ने अपनी ही पत्नी के साथ बीच सड़क पर मारपीट की और जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो उसने हथियार निकालकर सबको डराने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शारिक इमाम अपनी पत्नी को समझाने के बहाने अपने दोस्त सलमान के साथ बाइक से हाईवे की ओर ले गया था। लौटते वक्त किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। बीच सड़क पर ही आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया।
भीड़ बढ़ती देख आरोपी और उसका साथी बौखला गए। दोनों ने अपने पास रखा हथियार निकालकर लोगों को धमकाना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान एक युवक ने साहस दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों किसी तरह मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची आजादनगर थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति के साथ उसका पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

