
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में दुकानों के किराया वृद्धि के खिलाफ सोमवार को जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक सिदगोड़ा बाजार समिति के तत्वावधान में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रंजन सिंह ने की, जबकि संचालन निखिल कुमार ने किया.

बैठक में संगठन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू, महासचिव नसीम अंसारी सहित बृजेश गोहिल, शंकर प्रसाद, दुर्गा दास साहू, रंजीत सिंह, सुभाष (काले) और समीमुर रहमान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस दौरान सिदगोड़ा बाजार समिति की ओर से सभी पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू ने कहा कि दुकानों के किराया वृद्धि के खिलाफ जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को पूर्व में मांग पत्र सौंपा गया था. इसमें यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि किराया वृद्धि किस नियम के तहत की गई है, लेकिन अब तक इसकी कोई प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है. इसके बावजूद दुकानदारों से बढ़ा हुआ किराया वसूला जा रहा है. उन्होंने इसे अधिकारियों का तानाशाही रवैया बताते हुए 31 मार्च को अधिसूचित क्षेत्र समिति कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना देने की घोषणा की.
महासचिव नसीम अंसारी ने किराया वृद्धि को सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना और बिना किसी नियम का पालन किए किराया बढ़ा दिया गया. यदि कोई नियम लागू किया गया है तो समिति को यह स्पष्ट करना चाहिए कि किस आदेश और प्रावधान के तहत यह निर्णय लिया गया.
उन्होंने कहा कि 31 मार्च को लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और रिमाइंडर लेटर के माध्यम से जवाब मांगा जाएगा.
बैठक में सिदगोड़ा बाजार के राजा दत्त, अनिल गुप्ता, बंटी सिंह, मनोज सिंधी, खोखर पाल, विजय गुप्ता, जुगल किशोर, उदय सिंह, बच्चू घोष समेत बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे.

